बलदेव। राज्य परियोजना कार्यालय लखनऊ के निर्देशानुसार (समग्र शिक्षा और पीएमश्री योजना के अंतर्गत) समेकित शिक्षा और एलिम्को कानपुर के सहयोग से परिषदीय विद्यालयों में नामांकित 6 से 14 वर्ष के दिव्यांग बच्चों को सहायक उपकरणों का वितरण किया गया। बच्चों को समाज की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए कान की मशीन, ट्राई साइकिल, कैलीपर, व्हील चेयर, सीपी चेयर, टीएलएम किट आदि वितरित की गईं।
कार्यक्रम का आयोजन ब्लॉक संसाधन केंद्र बलदेव पर हुआ । इसमें 9 बच्चों को ब्रेल किट,14 बच्चों को कान की मशीन, 11 बच्चों को सीपी चेयर, 9 बच्चों को रोलेटर, 8 बच्चों को ट्राई साइकिल, 40 को व्हील चेयर, 114 को टीएलएम किट उपकरण सहित 209 बच्चों को सहायक उपकरण वितरित किए गए। मुख्य अतिथि विधायक पूरन प्रकाश व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति, चेयरमैन डॉ मुरारी लाल अग्रवाल ने बच्चों को उपकरण वितरित किए। विधायक पूरन प्रकाश ने कहा कि दिव्यांग बच्चों को सहायक उपकरण देना वास्तव में बड़ा पुनीत कार्य है। इससे इनके हौसले को उड़ान मिलेगी। समाज की मुख्य धारा में जोड़ने का कार्य करेगी।
बीएसए रतन कीर्ति ने कहा कि इससे दिव्यांग बच्चों को समाज के साथ जोड़ा जा सकता है। इस दौरान चेयरमैन डाॅ. मुरारी लाल अग्रवाल, योगेश गौतम प्रधान, पूर्व चेयरमैन कमल पांडेय, थाना प्रभारी निरीक्षक रंजना सचान, सीडीपीओ सुमनलता सहित अन्य उपस्थित रहे। संवाद