शिक्षक की हत्या के मामले में पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। आरोपियों ने पुलिस को देखते ही फायरिंग करना शुरू कर दिया। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक आरोपी अजय उर्फ शहंशाह के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मैनपुरी के थाना एलाऊ क्षेत्र में 21 सितंबर को हुए शिक्षक यशपाल हत्याकांड का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है, बृहस्पतिवार देर रात पुलिस ने मुठभेड़ में एक शूटर अजय निवासी कन्नौज को गिरफ्तार किया है, मुठभेड़ के दौरान उसके पैर में गोली लगी है। घटना में शामिल दो अन्य लोग भी गिरफ्तार किए गए हैं।
विज्ञापन
एचपी ग्रामीण अभिषेक तिवारी ने बताया कि बृहस्पतिवार रात सूचना मिली कि क्षेत्र में शिक्षक हत्याकांड में शामिल हत्यारोपी देखे गए हैं। जिनकी पुलिस को तलाश है। इस सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की, तभी बाइक से जा रहे एक शूटर ने पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में एक हत्यारोपी के पैर में गोली लगी, पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम अजय निवासी कन्नौज बताया, बताया कि शिक्षक हत्याकांड के लिए दो लाख रुपए की सुपारी दी गई थी।
एसपी ग्रामीण ने बताया कि गांव रूई के पास स्थित विवादित जमीन इस हत्याकांड की वजह बनी, वादी रामपाल ने ही इस हत्याकांड की साजिश रची थी, हत्याकांड में कुल पांच लोग शामिल हैं, जिनमें से अजत, शिवा सहित तीन को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष दो को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।