फोटो 2 शहर के सदर बाजार स्थित दुकान पर बिक्री के लिए रखी सोन पापड़ी। संवाद
मैनपुरी। जिले की लोकप्रिय और स्वादिष्ट सोनपापड़ी को मार्केटिंग, पैकेजिंग और ब्रांडिंग के जरिये नई पहचान मिलेगी। एक जनपद-एक व्यंजन (ओडीओसी) के लिए सोनपापड़ी को शासन स्तर पर मंजूरी मिल गई है। शनिवार को राजधानी लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ योजना का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान सीएम की ओर से इसकी औपचारिक घोषणा की जा सकती है।उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से स्थानीय व्यंजनों को नई पहचान दिलाने के लिए एक जनपद-एक उत्पाद की तरह ही एक जनपद-एक व्यंजन योजना की घोषणा की गई थी। इसके लिए सभी जनपदों से प्रसिद्ध व्यंजनों के प्रस्ताव मांगे गए थे। उद्योग केंद्र की ओर से ओडीओसी योजना के लिए जिले के मुख्य व्यंजन के तौर पर सोनपापड़ी का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था, शासन स्तर से इसे मंजूरी मिल गई है। योजना में शामिल होने के बाद मार्केटिंग, पैकेजिंग और ब्रांडिंग के जरिये सोनपापड़ी की पहचान को बढ़ाने की तैयारियां की जा रही है।इससे व्यवसाय को नई ताकत मिलने के साथ सोनपापड़ी की मिठास देश से विदेश तक फैलेगी। शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक जनपद-एक व्यंजन योजना का शुभारंभ करेंगे। सीएम की ओर से सोनपापड़ी के नाम का औपचारिक ऐलान किया जा सकता है।