मैनपुरी। कस्बा करहल से लखनऊ का सफर अब आसान बन रहा है। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के सैफई डिपो की ओर से सैफई से करहल होकर लखनऊ के लिए सीधी बस सेवा शुरू की गई है। बस के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे होकर राजधानी पहुंचने से स्थानीय लोगों को राहत मिली है।
सैफई डिपो की ओर से यात्रियों को सुविधा देने के लिए विभिन्न मार्गों पर बसों का संचालन किया जा रहा है। जनपद में कस्बा करहल से भी अलग-अलग स्थानों के लिए बस संचालन शुरू कराया गया है। डिपो की ओर से सैफई से आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे होकर लखनऊ के लिए सीधी बस सेवा शुरू की गई है।
डिपो के स्टेशन प्रभारी शंतिस्वरुप अग्निहोत्री ने बताया कि डिपो की बस प्रतिदिन सुबह 5:30 बजे सैफई बस स्टैंड से निकलती है। सुबह 5:45 बजे करहल के सुभाष गेट और 6 बजे एक्सप्रेसवे के करहल कट पर रुककर सवारियां लेकर लखनऊ रवाना हो रही है। बस के सुबह 9:50 बजे लखनऊ पहुंचने का समय निर्धारित है।