फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

महराजगंज: कौशल विकास मिशन के प्रशिक्षक की गोली लगने से संदिग्ध मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

Fri, 03 Jul 2026 02:10 PM IST
Vijay Singh Pundir अमर उजाला नेटवर्क, महराजगंज

सार

क्षेत्राधिकारी सदर अंकुर गौतम ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही है।
Register For Event
विज्ञापन
मृतक का फाइल फोटो - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

महराजगंज के श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के रुद्रपुर भलुही स्थित विश्व शांति निकेतन महाविद्यालय में कौशल विकास मिशन के प्रशिक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक का शव महाविद्यालय की सबसे ऊपरी छत पर मिला। 

विज्ञापन


वहीं, घटनास्थल से करीब 30 मीटर की दूरी पर छात्राएं और एक दाई रात में सो रही थीं। परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। मृतक की पहचान कुशीनगर जिले के रामकोला थाना क्षेत्र के ग्राम कुस्महा टोला बिरौली निवासी 25 वर्षीय अजय यादव पुत्र केशव यादव के रूप में हुई है। वह विश्व शांति निकेतन महाविद्यालय में कौशल विकास मिशन योजना के तहत प्रशिक्षक के रूप में कार्यरत थे। शुक्रवार सुबह घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की।

जानकारी के अनुसार, महाविद्यालय परिसर में छात्राओं का हॉस्टल भी संचालित है, जहां 7-8 छात्राएं रह रही थीं। गर्मी के कारण छात्राएं और हॉस्टल की दाई रात में छत पर सो रही थीं। अजय यादव भी उसी छत पर कुछ दूरी पर मौजूद थे। छात्राओं ने पुलिस को बताया कि भोर में लगभग तीन बजे उन्हें तेज आवाज सुनाई दीं। आवाज से घबराकर सभी छात्राएं नीचे अपने कमरों में चली गईं। सुबह जब दाई छत पर पड़े कपड़े उतारने पहुंची तो उसने अजय यादव का शव देखा। इसके बाद विद्यालय प्रबंधन को सूचना दी गई, जिसने तत्काल श्यामदेउरवां पुलिस को घटना की जानकारी दी। 
विज्ञापन


सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने महाविद्यालय परिसर को जांच के दायरे में लेते हुए छात्राओं, विद्यालय प्रबंधन और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।

क्षेत्राधिकारी सदर अंकुर गौतम ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें