पुलिस ने गिरफ्तार कर चालान भेजा
खीरी टाउन। थाना खीरी क्षेत्र में तीन होमगार्डों ने चोरी के शिकार एक दंपति से दरोगा बनकर दस हजार रुपये ठग लिए। दंपति की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई कर होमगार्डों को गिरफ्तार कर चालान भेजा है।
थाना क्षेत्र खीरी के ग्राम पटेहरा निवासी रामऔतार के यहां कुछ दिन पूर्व चोरी हुई थी। इसमें इनके जेवर और नकदी आदि सामान चोरी हो गया था। सोमवार को थाना क्षेत्र फरधान के ग्राम पड़री अल्लीपुर निवासी होमगार्ड गजेंद्र अपने दो होमगार्ड साथियों के साथ राम औतार के यहां दरोगा बनकर गया। गजेंद्र ने राम औतार और उसकी पत्नी रामवती से कहा कि कुछ बदमाशों को पकड़ा गया है, उनके पास सामान मिला है। वे लोग थाने चलकर अपना सामान पहचान लें। उसने सामान दिलाने के नाम पर कुछ खर्चे की भी मांग की। इस पर राम औतार उसे रुपये देने के लिए पोटली से पांच सौ रुपये निकालने लगा, उसमें ज्यादा रुपये देख गजेंद्र ने पोटली उसके हाथ से ले ली और कहा थाने में भी रुपये देने पड़ेंगे रुपये साथ लिए चलो और पोटली अपने पास रख ली। इसके बाद दंपति को अपनी मोटर साइकिल पर बिठाकर चल दिया। गांव के बाहर नहर पर लाकर गजेंद्र ने दंपति को उतार दिया और तीनों लोग रफूचक्कर हो गए। इसके बाद दंपति ने थाना खीरी आकर पूरी घटना बताई रामऔतार ने बताया उसकी पोटली में लगभग दस हजार रुपये थे। पुलिस ने तीनों होमगार्डों को गिरफ्तार कर चालान भेज दिया है।