मंसाछापर। जटहा बाजार थाना क्षेत्र के हिरनही बीन टोले में रविवार की देर शाम को गांव में तिलक समारोह में गए सात वर्षीय बच्चा रहस्यमय तरीके से लापता हो गया। सोमवार को घर से करीब 100 मीटर दूर शायरी माता स्थान परिसर में बने बखार के पास खेल रहे बच्चों ने शव देखा। खबर मिलते ही गांव वालों की भीड़ जुट गई। सूचना पर आई पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। उसके शरीर पर चोट का कोई निशान मिले। घर वालों ने हत्या की आशंका जताते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव मिलने से करीब दो घंटे पहले गुमशुदगी दर्ज की थी।
हिरनही गांव के बीन टोली निवासी मोहित का सबसे छोटा बेटा सात वर्षीय अंकुश रविवार की शाम करीब सात बजे गांव में एक व्यक्ति के घर तिलक समारोह में शामिल होने कुछ बच्चों के साथ गया था। परिवार वालों को उम्मीद थी कि वह भोजन करने के बाद आ जाएगा। रात करीब 10 बजे तक नहीं आया तो तलाश शुरू की। देर रात तक तलाश की गई, लेकिन उसका पता नहीं चला। रात में ही घर वालों ने डायल 112 को सूचना दी। रात में पुलिस आई और घर वालों से लापता बच्चे के बारे में जानकारी ली। सोमवार को सुबह करीब नौ बजे मां की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की। उसके दो घंटे बाद करीब 11 बजे घर से 100 मीटर दूर शायरी माता के स्थान के पास खेल रहे बच्चों ने बखार के पास अंकुश का शव देखा।
शोर मचाने पर परिजन और गांव के लोग पहुंचे। शव देखने के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर जटहां बाजार पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। अंकुश की मां ने बेटे की हत्या का आरोप लगाते हुए जांच कर कार्रवाई की मांग की। अंकुश का बड़ा भाई और पिता केरल में रहकर काम करते हैं। चार बहनों और अंकुश के साथ मां घर पर रहती है। अंकुश परिवार में छोटा होने के नाते सबका लाडला था। गांव वालों के अनुसार, अंकुश बेहद चंचल था। लोग घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
तिलक में गया या नहीं, वीडियो कैमरे की रिकार्डिंग से खुलेगा राज
घर वालों के अनुसार, अंकुश गांव में तिलक समारोह में शामिल होने के लिए बच्चों के साथ घर से निकला था, रात करीब 10 बजे तक घर नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता होने लगी और उसकी तलाश में जुट गए, लेकिन देर रात तक पता नहीं चल सका, गांव वालों ने बताया कि जिस स्थान पर शव मिला है, वहां पर भी ढूंढ़ते हुए रात को लोग गए थे, लेकिन रात में 11 बजे तक वहां कुछ भी नहीं था। पुलिस तिलक में वीडियो रिकार्डिंग करने वाले कैमरामैन को बुलाई है और रिकार्डिंग की मदद से यह पता करने में जुटी है कि बच्चा जब घर से चला तो तिलक में पहुंचा कि नहीं, अगर तिलक में पहुंचा तो वहां से किसके साथ और कब घर के लिए निकला। सूत्रों की माने में गांव व करीबियों से जोड़कर पुलिस घटना की जांच कर रही है।
-
-लापता बच्चे के मामले में गुमशुदगी दर्ज कर ली गई थी। सूचना पर रात में पुलिस गई थी। बच्चे का तिलक में जाना और दूसरे दिन शव मिलने की जांच पुलिस कर रही है। गांव या आसपास से जुड़ा मामला लग रहा है। सभी बिंदुओं को ध्यान में रख कर जांच की जा रही है। -अजय कुमार सिंह, सीओ पडरौना