फोटो01जिला अस्पताल में पर्चा काउंटर पर लगी भीड़। संवाद
कासगंज। गर्मी बढ़ने के साथ ही आंखों से संबंधित बीमारियों के मरीजों की संख्या में तेज बढ़ोतरी हुई है। जिला अस्पताल की ओपीडी में रोजाना करीब 130 से अधिक मरीज आंखों की जलन, खुजली, लालिमा और एलर्जी की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं।जिला अस्पताल के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. ग्याश खान के अनुसार गर्मियों में धूल और तेज धूप के कारण आंखों की एलर्जी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। आमतौर पर मरीजों को आंखों में खुजली, जलन, पानी आना और लाल होने की शिकायत होती है। डॉ. खान ने बताया कि इस मौसम में आंखों की देखभाल पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। आंखों को बार-बार रगड़ने से बचें और धूल-मिट्टी से सीधे संपर्क न होने दें। जरूरत पड़ने पर आंखों को साफ पानी से धोएं और यदि समस्या बढ़े तो तुरंत नेत्र विशेषज्ञ से संपर्क करें।नेत्र विशेषज्ञ ने चेतावनी दी कि गर्मियों में आंखों की एलर्जी को नजरअंदाज करने पर संक्रमण और गंभीर आंखों की समस्याएं हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि नियमित सफाई और सावधानी अपनाने से अधिकांश समस्याओं से बचा जा सकता है।