चकेरी के पोखरपुर में सोमवार तड़के छत के रास्ते चांदी प्रोसेसिंग कारखाने में घुसा चोर 45 लाख कीमत की 18 किलो चांदी लेकर फुर्र हो गया। वारदात के दौरान कारखाने में मौजूद दोनों मजदूरों को चोरी की भनक तक नहीं लगी। सूचना पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जबकि फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध कैद हुआ है। पुलिस ने आरोपी की तलाश में पांच टीमें लगाई हैं। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है।
मूलरूप से महाराष्ट्र निवासी नितिन टोपे और उनके भाई निखिल की नयागंज में स्वास्तिक टंच नाम से दुकान है। दोनों नौबस्ता के संजय गांधी नगर में रहते हैं। उनका पोखरपुर स्थित पवन दाल मिल कंपाउंड में चांदी प्रोसेसिंग कारखाना भी है, जहां बाजार से चांदी लाकर गलाई जाती है। नितिन ने दो साल पहले 10 हजार रुपये मासिक किराये पर गोदाम लिया था। शुक्रवार को कारखाने में चांदी लाई गई थी।