खेत में मिला था शव, पत्नी ने 04 लोगों पर जताया था शक
प्राप्त जानकारी के अनुसार भकरौल निवासी 45 वर्षीय राजकुमार बीते 24 जुलाई को मजदूरी करने की बात कहकर घर से निकले थे। देर रात तक वापस न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। अगले दिन सुबह कैमरा-अर्जुनपुरा मार्ग स्थित धर्मेंद्र सिंह बुंदेला के ज्वार के खेत में उनका रक्तांजित शव पड़ा मिला था।
घटना के बाद मृतक की पत्नी सुमन ने गांव के ही रामप्रकाश, कुंवरपाल, सौरभ और लल्लू पर शराब पिलाकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। हालांकि, पुलिस जांच में नामजद आरोपियों के खिलाफ कोई साक्ष्य नहीं मिले।
चेकिंग के दौरान पकड़ा गया आरोपी, डंडे के वार से हुई थी मौत
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि गांव का सोनू पाल घटना के दिन से ही गायब चल रहा था। रविवार को आरोपी के गांव लौटने की सटीक सूचना मिलते ही नदीगांव थाना पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने भेजा जेल, विधिक कार्रवाई पूरी
अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर आला कत्ल बरामद कर लिया गया है। हत्या के मामले में आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। निष्पक्ष जांच के जरिए निर्दोषों को बचाते हुए वास्तविक हत्यारे को सलाखों के पीछे पहुंचाया गया है।