कानपुर। प्रदेश के पॉलिटेक्निक संस्थानों में संचालित डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में अब वर्किंग प्रोफेशनल्स के लिए नए सत्र से लेटरल एंट्री के माध्यम से प्रवेश का अवसर दिया जा रहा है। इस पहल से नौकरीपेशा युवाओं को तकनीकी शिक्षा से जुड़ने का बेहतर मौका मिलेगा।
राजकीय पॉलिटेक्निक कानपुर में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग एंड प्रोडक्शन तथा इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग शाखाओं में प्रवेश के विकल्प खोले गए हैं। प्रत्येक शाखा में 30 अतिरिक्त सीटें निर्धारित की गई हैं। पहले इन शाखाओं में 67 से 75 सीटें थीं जिन्हें नौकरीपेशा युवाओं के लिए बढ़ाया गया है। किसी भी कोर्स के संचालन के लिए न्यूनतम 10 प्रवेश अनिवार्य होंगे।
कोर्स की अवधि दो वर्ष होगी और चयन मेरिट के आधार पर होगा। अभ्यर्थियों के पास कम से कम एक वर्ष का औद्योगिक अनुभव होना अनिवार्य है। प्रधानाचार्य मुकेश आनंद ने बताया कि यह पहल कार्यरत युवाओं के कौशल विकास और तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने का सुनहरा अवसर है।
वर्किंग प्रोफेशनल्स 30 अप्रैल तक www.jeecup.admissions.nic.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पात्र अभ्यर्थी वही होंगे जिन्होंने हाईस्कूल के साथ आईटीआई या इंटरमीडिएट विज्ञान वर्ग से किया हो। परिषद के निर्देशानुसार प्रवेश केवल अभ्यर्थी के निवास से 50 किलोमीटर के दायरे वाले पॉलिटेक्निक में ही दिया जाएगा।