सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, मौके पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालियों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है।
तीन साल पहले हुई थी शादी, एक मासूम बेटा
ग्राम ऐरी निवासी संजय कुमार की पत्नी पूजा पाल (30) का शव शनिवार सुबह कमरे में रस्सी के सहारे फंदे से लटका हुआ पाया गया। परिजनों के अनुसार, पूजा की शादी करीब तीन वर्ष पूर्व हुई थी और उसका एक छोटा मासूम बेटा भी है। घटना के पीछे घरेलू विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है।
मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
घटना की खबर फैलते ही विवाहिता के मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। बेटी का शव देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर उत्पीड़न और हत्या का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह
सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक प्रेमपाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर शव का पंचनामा भरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर सुसंगत धाराओं में अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।