बदमाश दिन दहाड़े पुलिस के वजूद काे चैलेंज कर रहे हैं। कुछ दिन पहले ड्यूटी कर घर लाैट रही महिला सिपाही से लूट की वारदात के बाद गुरुवार को दिनदहाड़े आवास विकास केशवपुरम में बाइक सवार बदमाशों ने सेवानिवृत्त महिला दरोगा की चेन लूट ली और फरार हो गए। लूट की घटना पड़ोसी के घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। देर शाम कई जगह नाके लगाकर दोपहिया वाहन सवारों की जांच की गई।
रावतपुर क्षेत्र के आवास विकास केशवपुरम निवासी मंजू लता दुबे ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह सीबीसीआईडी से सेवानिवृत्त दरोगा हैं। उनके पति मिर्जापुर में डिप्टी जेलर हैं। गुरुवार दोपहर घर के ठीक सामने बने गायत्री पार्क में पूजा का जल चढ़ाने गई थीं। इस बीच बाइक सवार दो युवक उनके पास आए। बाइक चला रहा युवक हेलमेट लगाए था जबकि पीछे बैठे सवार ने मुंह व चेहरा ढंक रखा था। पीछे बैठे युवक ने पता पूछने के बहाने गले से सोने की चेन लूट ली। वह बदमाश से भिड़ गईं। इस पर बदमाश ने उनको धक्का देकर गिरा दिया और बाले तोड़ने की कोशिश की। बाइक स्टार्ट कर दोनों फरार हो गए।