युवक की फाइल फोटो व मौके पर लगी भीड़
- फोटो : अमर उजाला
रिश्तेदारों के साथ रविवार को बेतवा नदी में नहाने गए चार युवक गहरे गड्ढे में डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने तीन को बचा लिया लेकिन एक की गहरे गड्ढे में चले जाने से मौत हो गई। लोगों का कहना है कि खनन से हुए गड्ढे में फंसकर युवक की जान गई है। कदौरा थाना क्षेत्र के महमूद नगर के मजरा बड़ागांव निवासी शिवा सिंह (25), हमीरपुर निवासी अपने बुआ के बेटे करन, उरई निवासी मामा के बेटे हेमंत, गांव के ही दोस्त दीपू के साथ रविवार को बेतवा में नहाने गया था।
नहाते समय सभी गहरे पानी में जाकर डूबने लगे। मौजूद लोगों ने तीन को बचा लिया जबकि शिवा गहरे गड्ढे में चले जाने से नहीं मिल सका। करीब 20 मिनट बाद उसका शव बरामद हुआ। लोगों ने बताया कि मौरंग खदान संचालकों की ओर से नदी में पोकलैंड से गहरे गड्ढे कर दिए गए हैं। नहाने के दौरान युवक उसी में समा गया है। शिवा उरई में रहकर सब्जी बेचने का काम करता था। उसकी मौत से पत्नी बबली सहित अन्य परिजन बेहाल हैं। थाना प्रभारी प्रभात सिंह ने बताया कि युवक की नदी में डूबने से मौत हुई है। जांच की जा रही है।
नदी में नहाकर आते हैं, फिर उरई चलेंगे
दीपावली पर हमीरपुर निवासी बुआ का बेटा करन, उरई निवासी मामा का बेटा हेमंत शिवा के घर आए थे। रविवार को शिवा को उरई आना था। सभी ने कहा कि चलो नदी में नहाकर आते हैं फिर उरई चलेंगे। इस पर गांव के ही दोस्त दीपू के साथ नदी में पहुंचे। कुछ देर बाद जब परिजनों को शिवा की मौत की खबर मिली तो कोहराम मच गया। पत्नी बोली कि उसे पता होता कि कुछ ही देर में उसका सुहाग हमेशा के लिए दुनिया से चला जाएगा तो वह कभी उन्हें जाने नहीं देती। यह कहकर वह अचेत हो गई।