एक ऑडियो जमकर वायरल हो रहा है। इसमें एक व्यक्ति अपने को डीएम कार्यालय का बाबू बता रहा है। कह रहा है कि ऑनलाइन नहीं ऑफलाइन 20 हजार रुपये भेज दो, नहीं तो उसकी फाइल खारिज हो जाएगी। पीड़ित ने साइबर क्राइम थाना प्रभारी को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जलालपुर थानाक्षेत्र के बरहरा गांव निवासी यूटा के जिलामंत्री रत्नेश राजपूत ने दी तहरीर में बताया कि उसकी जमीन संबंधी फाइल डीएम के यहां स्वीकृति के लिए पड़ी है। इसकी आज आखिरी तिथि लगी हुई थी। इसी फाइल की स्वीकृति के लिए एक व्यक्ति अपने मोबाइल से उसे 20 बार फोन किया और उससे फाइल स्वीकृति के एवज में 20 हजार रुपये की मांग कर रहा है। दो अलग-अलग नाम से क्यूआर कोड भी भेजा है। कह रहा है कि अगर रुपये नहीं भेजे तो उसकी फाइल खारिज हो जाएगी। उससे बातचीत की रिकॉर्डिंग भी उसके पास है। यह बातचीत वायरल हो गई है। उसने डीएम कार्यालय जाकर इस नाम के कर्मचारी को पता किया तो कोई भी व्यक्ति इस नाम का नहीं मिला है। पीड़ित ने साइबर पुलिस से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
वायरल ऑडियो में हुई बातचीत
- शिकायतकर्ता - वह हमीरपुर आ गया है और अपना पैसा 20 हजार रुपये ले जाओ।
- आरोपी - पैसे आनलाइन लेंगे, ऑफलाइन भेजो। आप हमें नहीं जानते और हम तुम्हें नहीं जानते बात खत्म।
- शिकायतकर्ता - दो क्यूआर कोड भेजे हैं, किसमें पैसा भेजना है।
- आरोपी - एक बार ट्राई कर लें, हो रहा है कि नहीं।
- शिकायतकर्ता- मैं हमीरपुर आ गया हूं, बाबू जी मुझे काम कराना है। आप चाहें तो ऑनलाइन ले लें या फिर कहें तो ऑफलाइन पैसे दे दूं।
- आरोपी - नहीं, जो बारकोड भेजे हैं, उसी में भेजिए, आप पढ़े लिखे हैं। समझा करिए, ऐसे नहीं ले सकते।
- शिकायतकर्ता- काम कराने की जिम्मेदारी आप की होगी।
- आरोपी - मैं शाम को खुद प्रिंट आउट निकालकर भेज दूंगा। आप से मजाक तो करेंगे नहीं।
जिस नंबर से फोन किया गया है, वह नंबर यहां का है ही नहीं। उक्त नंबर की सीडीआर निकालने के निर्देश दिए हैं। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। - जयशंकर सिंह, साइबर प्रभारी