फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hardoi: पानी भरे टब में गिरा पांच वर्षीय मासूम, डूबने से मौत; अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गई धड़कन

Thu, 04 Jun 2026 09:03 PM IST
प्रसून शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हरदोई

सार

Hardoi News: माधौगंज थाना क्षेत्र के इंदलापुर गांव में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसे में पांच वर्षीय मासूम की जान चली गई। घर के बाहर खेलते समय वह पानी से भरे टब में गिर गया, जिससे उसकी डूबने से मौत हो गई।
Register For Event
विज्ञापन
डूबने से मौत। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

इंदलापुर गांव में बृहस्पतिवार की शाम को घर के अंदर खेलते समय एक 5 वर्षीय मासूम बच्चा पानी से भरे नहाने वाले टब में गिर गया। टब में पानी अधिक होने और मासूम के झटपटाने के कारण वह उसमें डूब गया और दम घुटने से बेहोश हो गया। आनन-फानन में बदहवास मां उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भागी, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस खौफनाक हादसे के बाद से मां का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।

विज्ञापन

नल के पास खेल रहा था लाडला, पानी भरे टब ने छीन लीं सांसें
इंदलापुर गांव निवासी शमशुद्दीन पंजाब के लुधियाना में एक प्राइवेट फैक्ट्री में नौकरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। घर पर उनकी पत्नी अकीला खातून और 5 साल का बेटा रेहान रहते थे। अकीला खातून ने रोते हुए बताया कि बृहस्पतिवार की शाम लगभग छह बजे उनका इकलौता लाडला रेहान घर के अंदर आंगन में नल के पास अकेले खेल रहा था। नल के ठीक बगल में ही नहाने वाला एक बड़ा टब पानी से लबालब भरा हुआ रखा था। खेलते-खेलते अचानक मासूम रेहान का संतुलन बिगड़ गया और वह सिर के बल उस पानी भरे टब में जा गिरा।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गई धड़कन
मासूम रेहान काफी देर तक पानी के अंदर ही तड़पता रहा, जिससे उसके फेफड़ों में पानी भर गया और वह मौके पर ही अचेत हो गया। कुछ देर बाद जब मां अकीला नल के पास पहुंची, तो बेटे को टब में डूबा देख उसकी चीख निकल गई। अकीला ने बदहवास हालत में रेहान को पानी से बाहर निकाला और पड़ोसियों की मदद से उसे तुरंत माधौगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची। अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में तैनात चिकित्सकों ने बच्चे की नब्ज टटोली, लेकिन उसकी धड़कनें शांत हो चुकी थीं। डॉक्टरों ने उसे आधिकारिक रूप से मृत घोषित कर दिया।

उन्नाव से चल रहा था मासूम का इलाज
बिलखती हुई मां अकीला खातून ने एक और दर्दनाक बात साझा करते हुए बताया कि मासूम रेहान पूरी तरह स्वस्थ नहीं था, उसे कभी-कभी अचानक तेज झटके (दौरे) आते थे। इस बीमारी को ठीक करने के लिए उसका लंबा इलाज उन्नाव के एक बड़े डॉक्टर से चल रहा था।

विज्ञापन

आशंका जताई जा रही है कि खेलते समय शायद उसे टब के पास ही झटका आ गया हो, जिसके कारण वह खुद को संभाल नहीं पाया और सीधे टब में जा गिरा। अस्पताल में बच्चे की मौत के बाद सीएचसी प्रशासन ने नियमानुसार स्थानीय माधौगंज थाना पुलिस को हादसे की लिखित सूचना दे दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, वहीं लुधियाना में मौजूद पिता को भी इस वज्रपात की सूचना दे दी गई है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें