फतेहपुर जिले में मां चंद्रिका देवी मंदिर बक्सर से दर्शन कर लौट रही महिला चौडगरा में ई-रिक्शा से अचानक गिर गई। गिरने के बाद कंटेनर ट्रक ने उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा है। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के गांव हप्सापुर निवासी अधिवक्ता स्व: रामसरन की पत्नी फूलकली अपने मायके अकधना थाना सजेती कानपुर गई हुई थी।
वहीं से शुक्रवार को किराए का ई-रिक्शा करके अपनी भतीजी व पड़ोसी महिलाओं के साथ मां चंद्रिका देवी मंदिर बक्सर दर्शन करने गई थी। वापस लौटते समय ई-रिक्शा हाईवे में विपरीत दिशा में चलते हुए चौडगरा की तरफ आ रहा था। तभी चौडगरा में अभिनव प्रज्ञा महाविद्यालय गेट के सामने हाईवे पर अचानक महिला ई-रिक्शा से गिर गई। चौडगरा से फतेहपुर की ओर जा रहा कंटेनर का टायर महिला के ऊपर चढ़ गया।