झांसी पुलिस ने इलाइट चौराहे पर 180 मोडिफाइड साइलेंसर को रोड रोलर से कुचलवा दिया। मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न से निकलने वाली तेज और कर्कश आवाज से आम लोगों को परेशानी होती है।
ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर कार्रवाई करते हुए रविवार को यातायात पुलिस ने 180 मोडिफाइड साइलेंसर को रोड रोलर से कुचलवा दिया। इलाइट चौराहे पर सार्वजनिक रूप से इन उपकरणों का नष्ट कराया गया। मॉडिफाइड (पटाखा) साइलेंसर के साथ इसमें प्रेशर हॉर्न और तुरही शामिल थीं।
विज्ञापन
यातायात निदेशालय के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत विभिन्न वाहनों से उतरवाए गए इन उपकरणों को इलाइट चौराहे पर सड़क पर रखवाया गया। इसके बाद उन पर रोड रोलर चलवाकर नष्ट कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्राधिकारी यातायात रामवीर सिंह और प्रभारी निरीक्षक यातायात देवेंद्र कुमार शर्मा मौजूद रहे।
मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न से निकलने वाली तेज और कर्कश आवाज से आम लोगों को परेशानी होती है। खासकर बुजुर्गों, मरीजों और छात्र-छात्राओं को इससे दिक्कत होती है। ध्वनि प्रदूषण पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई।