झांसी। आग की घटनाओं से बचाव के लिए झांसी विकास प्राधिकरण, अग्निशमन विभाग ने शुक्रवार को व्यापारियों के साथ संवाद किया। इस दौरान व्यापारियों को आग से बचाव को लेकर बरती जाने सावधनियों के साथ ही अग्निशमन सुरक्षा एवं भवन मानकों की जानकारी एवं उनका समाधान भी बताया गया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जेडीए उपाध्यक्ष हिमांशु गौतम ने परेशानी से बचने के लिए अनिवार्य तौर पर सभी व्यावसायिक इमारतों का नक्शा पास कराने को जरूरी बताया। उन्होंने भरोसा दिलाते हुए कहा समय से नक्शा पास करेगा। इसके बाद कोई परेशानी नहीं होगी। बड़े नुकसान से बचने के लिए छोटी बचत का लालच छोड़ना होगा। मुख्य अग्निशमन अधिकारी आरके राय ने व्यापारियों को आग लगने की घटनाओं से बचाव, सुरक्षा उपायों और आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी। उन्होंने अग्निशमन उपकरणों की नियमित जांच और रखरखाव की आवश्यकता पर बल दिया। बैठक में अपर जिलाधिकारी पल्लवी मिश्रा, नगर मजिस्ट्रेट प्रमोद झा, सीओ सिटी रामवीर सिंह, जिला आपदा विशेषज्ञ धीरज पाठक, पवन कोष्ठा, दिलीप अग्रवाल, अतुल अग्रवाल समेत व्यापारी नेता मौजूद रहे।