उरई। रामपुरा क्षेत्र के ग्राम निनावली जागीर में सपा सांसद नारायणदास अहिरवार के कथित बयान पर खांगर क्षत्रिय समाज ने मोर्चा खोल दिया है। समाज के लोगों का आरोप है कि सांसद ने अछूत शब्द बोलकर खंगार जाति को अपमानित किया है। यदि सांसद माफी नहीं मांगते हैं तो खांगर क्षत्रिय समाज 17 जनवरी को कलक्ट्रेट में धरना प्रदर्शन करेगा।
बुधवार को खांगर क्षत्रिय समाज प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानसिंह खांगर व युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष सुभाष उदय पिंडारी के नेतृत्व में समाज के सैकड़ों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा को ज्ञापन सौंपकर इस बयान की कड़ी निंदा की। प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानसिंह खांगर ने कहा कि खांगर क्षत्रिय समाज एवं जाति के महापुरुषों का अपमान स्वीकार नहीं किया जाएगा। सपा सांसद के इस बयान से शहीदों महापुरुषों और खांगर क्षत्रिय समाज का अपमान हुआ है। हमारे समाज की भावनाएं भी आहत हुई हैं।
उन्होंने सांसद द्वारा दिए गए बयान पर उन्हें माफी मांगने की बात कही। युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष सुभाष उदय पिंडारी ने कहा कि सपा सांसद नारायणदास अहिरवार ने यदि माफी नहीं मांगी गई तो खांगर क्षत्रिय समाज 17 जनवरी को कलक्ट्रेट परिसर में सांसद के खिलाफ धरना प्रदर्शन करेगा। यही नहीं धरना प्रदर्शन के बाद खांगर समाज बाहुल्य जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में सांसद का पुतला दहन करेगा। इस दौरान जिलाध्यक्ष नरेंद्र सिंह खांगर, प्रदेश उपाध्यक्ष बृजकिशोर सिंह, प्रतापभान सिंह, राजकुमार, उपेंद्र सिंह, नरेश सिंह, सावन परिहार, नितिन परिहार, मानवेंद्र परिहार, सुखनंदन परिहार, आशीष परिहार, रघुनाथ सिंह, भूपेंद्र परिहार आदि रहे।
एक कार्यक्रम में 12 जनवरी को गया था। वहां खांगर समाज को लेकर चर्चा की थी। उनके बयान को तोड़मरोड़ कर प्रस्तुत किया गया है। किसी समाज की बुराई नहीं कर सकता।
नारायण दास अहिरवार, सपा सांसद।