रात में भाई से फोन पर कहा था-गांव लौट रहा हूं
मृतक के भाई गोलू ने बताया कि बृहस्पतिवार रात करीब एक बजे अक्षय का फोन आया था। उन्होंने बताया था कि वह आगरा से अपने गांव कोंकना खुर्द लौट रहा है। इसके बाद परिजन उसके घर पहुंचने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन कुछ ही देर बाद परिवार के लिए बेहद दुखद खबर आ गई। करीब तीन बजे सहपऊ कोतवाली पुलिस ने परिजनों को हादसे की सूचना दी। परिवार के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। वहां अक्षय को मृत देखकर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई।
दो मासूम बेटों के सिर से उठा पिता का साया
अक्षय की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे पत्नी के अलावा दो मासूम बेटों आठ वर्षीय व्योम और छह वर्षीय युवान को छोड़ गए हैं। मासूम बच्चों को जब घटना की जानकारी हुई तो घर का माहौल बेहद गमगीन हो गया। पोस्टमार्टम के बाद शव के घर पर पहुंचते ही पत्नी और बच्चों के साथ ही परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में भी हादसे की खबर फैलते ही शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण उनके घर पहुंचकर परिजनों को ढांढ़स बंधाते रहे।