फिल्म यादव जी की लव स्टोरी का विरोध जारी है। हाथरस के सिकंदराराऊ में भाकियू (किसान) ने फिल्म का विरोध किया। संगठन का कहना है कि फिल्म के कुछ संवाद व दृश्य आपत्तिजनक बताए जा रहे हैं।
सिकंदराराऊ में भारतीय किसान यूनियन (किसान) के पदाधिकारियों व क्षेत्रीय लोगों ने फिल्म यादव जी की लव स्टोरी के विरोध में 24 फरवरी को प्रदर्शन किया। सड़क पर मार्च कर तहसील परिसर पहुंचकर राज्यपाल के नाम ज्ञापन उपजिलाधिकारी संजय कुमार को सौंपा। इस दौरान यादव जी की लव स्टोरी नहीं चलेगी के नारे लगाए।
प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष नीलेश यादव के नेतृत्व में लोगों ने नारेबाजी करते हुए फिल्म के प्रदर्शन, प्रसारण पर रोक लगाने की मांग की। संगठन का कहना है कि फिल्म के कुछ संवाद व दृश्य आपत्तिजनक बताए जा रहे हैं। इससे तनाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। मौके पर संजीव यादव, रवि यादव, रमन यादव, देवा यादव, विष्णु यादव, मयंक उपाध्याय, अमन गुप्ता आदि थे।