घर में घुसकर महिला की हथेली चबा गया बंदर
बृहस्पतिवार दोपहर सासनी के गांव शारदा नगला में बंदर ने घर में घुसकर प्रीति (30) पर हमला कर दिया। प्रीति रसोई में काम कर रही थीं। घर का दरवाजा खुला होने के कारण खाने की तलाश में बंदर अंदर घुस आया। अचानक सामने आने पर उसने प्रीति पर हमला कर दिया और उन्हें नीचे गिराकर उनकी हथेली चबा ली। चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और महिला को बचाया। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।
जिले में रोजाना करीब 60 लोग हो रहे घायल
जिले में बंदरों के हमलों में प्रतिदिन औसतन 60 लोग घायल हो रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, कुत्तों के बाद बंदर काटने के मामले तेजी से सामने आ रहे हैं। जनवरी 2026 से अब तक बंदर के काटने पर 9,610 लोगों को एंटी रेबीज इंजेक्शन लगाए जा चुके हैं। अक्तूबर में जिला अस्पताल में 1,370 लोगों ने एंटी रेबीज वैक्सीन लगवाई, जबकि नवंबर में अब तक 540 लोग इंजेक्शन लगवा चुके हैं।
बंदरों के हमले में इनकी गई जान
- 9 अक्तूबर 2026: मोहल्ला खंदारी गढ़ी में 17 वर्षीय आरिफ की बंदरों के हमले में छत से गिरकर मौत हो गई।
- 17 सितंबर 2026: हाथरस जंक्शन क्षेत्र में रेलवे रोड पर 50 वर्षीय देवी किशोर बंदरों के हमले में छत से गिर गए थे। अलीगढ़ में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
- 7 अप्रैल 2026: जलेसर रोड स्थित अक्रूर कॉलोनी में बंदरों से बचने के प्रयास में 18 वर्षीय शिवानी की छत से गिरकर मौत हो गई।
- 18 फरवरी 2026: सासनी के गांव बांधनू में 50 वर्षीय गुड्डी देवी की बंदरों के हमले में छत से गिरकर मौत हो गई थी।