हरदोई। पुराने वृक्षों को मजबूती दी जाएगी। वृक्षों की जड़ों को सुरक्षित और तने को मजबूती दिए जाने के उद्देश्य से चबूतरे बनवाए जाएंगे जिससे ग्रामीणों को रोजगार भी मिलेगा।
वृक्षों को मजबूती दिए जाने के साथ ही गांवों में सामुदायिक गतिविधियों को बढ़ावा दिए जाने के उद्देश्य से वृक्षों के तने के चारों ओर चबूतरा बनवाए जाएंगे। चबूतरा बनवाए जाने का काम मनरेगा मद से कराया जाएगा जिससे जॉब कार्डधारकों को रोजगार भी मिल सकेगा। रोजगार मिलने से ग्रामीणों को गांव में ही काम मिल जाएगा और काम की तलाश के लिए इधर-उधर नहीं जाना पड़ेगा। वृक्षों के तने के आसपास चबूतरा बनवाए जाने से वहां पर लोगों के बैठने के लिए एक स्थान भी विकसित हो जाएगा और गांव में सामुदायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
-
गांवों में वृक्षों की जड़ों पर मिट्टी डलवाते हुए तने के आसपास कम से कम 10 गुणा 10 मीटर का चबूतरा बनवाए जाने की कार्ययोजना बनाई गई है जिससे वृक्ष को मजबूती मिलेगी। गांव के लोगों को बैठने के लिए सार्वजनिक तौर पर एक स्थान भी विकसित हो जाएगा। प्रथम चरण में प्रत्येक विकास खंड में 10-10 चबूतरे बनवाए जाने का लक्ष्य रखा गया है। -रवि प्रकाश सिंह, उपायुक्त श्रम रोजगार