फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hapur News: ततारपुर औद्योगिक क्षेत्र के साथ 22 गांव नगर पालिका में होंगे शामिल

Sat, 11 Oct 2025 09:58 PM IST
गाजियाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, हापुड़
विज्ञापन
विज्ञापन
हापुड़। नगर पालिका की सीमा का विस्तार होने जा रहा है। ततारपुर औद्योगिक क्षेत्र सहित 22 गांवों को शामिल करने के लिए सोमवार को नगर पालिका बोर्ड बैठक में प्रस्ताव लाएगी। इसके पास होने की अधिकारियों को पूरी उम्मीद है। इससे एक तरफ जहां पालिका की आय बढ़ेगी। वहीं, करीब 90 हजार से अधिक की नई आबादी भी जुड़ेगी। प्रस्ताव पास होने के बाद इसे स्वीकृति के लिए शासन को भेजा जाएगा।
विज्ञापन


वर्तमान में नगर पालिका क्षेत्र में 41 वार्ड हैं। इनसे करीब 200 मोहल्ले जुड़े हुए हैं। पालिका के आय-व्यय पर नजर डालें तो करीब 100 करोड़ रुपये शहर के विकास व अन्य कार्यों पर खर्च होते हैं। वहीं, जिले में तीन नगर पालिकाएं और एक नगर पंचायत बाबूगढ़ है। हापुड़ के नया जिला बनने के बाद यहां पर कोई निगम नहीं है। ऐसे में शहर का विकास तेजी से हो, इसके लिए निगम का बनना जरूरी है। निगम बनाने के लिए कम से कम पांच लाख की जनसंख्या होना जरूरी है।

वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार, शहर की जनसंख्या करीब 2.62 लाख है, जो वर्तमान में तीन लाख से अधिक पहुंच चुकी है। ऐसे में सीमा से लगे इन गांवों को पालिका में शामिल करने की तैयारी है। जिससे कि लोगों को शहर जैसी बेहतर सुविधाएं मिल सकें। इससे पालिका की आय बढ़ेगी और साथ ही राजस्व में भी इजाफा होगा।
विज्ञापन




शासन को भेजा जाएगा प्रस्ताव

इस प्रस्ताव को बोर्ड बैठक से पास कराना जरूरी है। इसलिए पालिका के अधिकारियों ने सभासदों से चर्चा की है। पहले आठ गांवों को पालिका सीमा में शामिल करने की तैयारी थी, लेकिन बाद में अब गांवों की संख्या बढ़ाई गई है। जिससे कि पालिका की सीमा का विस्तार सही प्रकार से हो। हापुड़ नगर पालिका सीमा क्षेत्र से गांवों के जुड़ने से तेजी से विकास कार्य हो सकेंगे। सड़क, पेयजल, सफाई की बेहतर व्यवस्था मिलेगी।



अभी गांवों के कुछ हिस्से पालिका क्षेत्र में शामिल

गांव दोयमी, असौड़ा, जरौठी, जसरूपनगर के गांव की आबादी का कुछ हिस्सा पालिका की सीमा में लगा हुआ है। इन स्थानों पर आज भी विवाद है। कहीं पर पालिका टैक्स वसूल रही है तो कहीं पर विवाद के कारण विकास कार्य नहीं हो रहे हैं। इसके कारण लोगों को परेशानी हो रही है।



ये 22 गांव होंगे शामिल

निजामपुर, अच्छेजा, श्यामनगर, सबली, गोयना, जसरूपनगर, असौड़ा, दोयमी, धनौरा, जरोठी, पटना, मुरादपुर, सिमरौली, ततारपुर व औद्योगिक क्षेत्र, लोदीपुर के शेष सभी खसरा नंबर औद्योगिक क्षेत्र सहित, सुल्तानपुर, मंसूरपुर, गोंदी, इंटौरी, सादकपुर, अकड़ौली, रामपुर को शामिल करने के लिए प्रस्ताव आएगा।



प्रभावित नहीं होंगे चुनाव

आगामी वर्ष 2026 में गांवों में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव होने हैं। ऐसे में पालिका के बोर्ड से प्रस्ताव पास होने के बाद भी इस बार के चुनावों पर कोई असर नहीं पड़ेगा। इस प्रक्रिया में एक साल तक का समय पूरा होने में लग सकता है।


कोट -

पांच किलोमीटर दायरे के गांवों को पालिका सीमा में शामिल करने के लिए बोर्ड बैठक में सोमवार को प्रस्ताव आएगा। सीमा क्षेत्र बढ़ने से ग्रामीणों को मूलभूत अच्छी सुविधाएं मिल सकेंगी। साथ ही पालिका की आय भी बढ़ेगी। - संजय कुमार मिश्रा, अधिशासी अधिकारी
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें