एसआईबी टीम की छापेमारी (सांकेतिक फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
हापुड़ में नगर की गढ़ सड़क स्थित मोहल्ला भगवती गंज में मंगलवार शाम जीएसटी विभाग की एसआईबी की टीम ने फुटवियर की दो दुकानों पर छापा मारकर जांच शुरू की। यह कार्रवाई श्री नाथ ट्रेडर्स और गुरु मेहर ट्रेडर्स नामक प्रतिष्ठानों पर की गई, जो राज्य कर विभाग के खंड दो में पंजीकृत हैं और फुटवियर की खरीद-बिक्री का कार्य करते हैं। टीम देर रात तक दस्तावेज आदि खंगाल रही थी।
एसआईबी के संयुक्त आयुक्त अजय प्रताप सिंह ने बताया कि इन दोनों दुकानों के खिलाफ आईजीआरएस (एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली) पर बिलिंग में गड़बड़ी की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि ग्राहक द्वारा ऑनलाइन भुगतान किए जाने के बावजूद दुकानदार बिल जारी नहीं कर रहे थे। इससे कर चोरी की आशंका जताई गई। शिकायत के आधार पर विभाग ने जांच के आदेश दिए।
संयुक्त आयुक्त अजय प्रताप सिंह के निर्देशन में उपयुक्त विमल कुमार दुबे, सहायक आयुक्त विपिन शुक्ला, सीटीओ सतीश तिवारी और आलोक राय के नेतृत्व में एसआईबी की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। टीम ने दुकानों में मौजूद खरीद-बिक्री के अभिलेख, स्टॉक रजिस्टर, बिक्री बिल, कैश मेमो और ऑनलाइन भुगतान से संबंधित दस्तावेजों की गहन जांच शुरू की। इसके साथ ही गोदाम और दुकान में उपलब्ध स्टॉक का भौतिक सत्यापन भी किया जा रहा है।
जांच के दौरान टीम ने यह भी देखा कि बिक्री के अनुरूप जीएसटी रिटर्न दाखिल किए गए हैं या नहीं, तथा ई-वे बिल और टैक्स इनवॉइस का सही ढंग से उपयोग हो रहा है या नहीं। अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में कर चोरी या नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित फर्मों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, जिसमें जुर्माना और कर की वसूली शामिल हो सकती है। सूचना मिलते ही आसपास के व्यापारियों और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। विभागीय कार्रवाई को लेकर व्यापारिक क्षेत्र में चर्चा का माहौल रहा।