गढ़मुक्तेश्वर। कोतवाली क्षेत्र के गांव निवासी व्यक्ति ने वर पक्ष पर गोद भराई की रस्म के बाद दहेज में 11 लाख नकद और कार की मांग पूरी न करने पर रिश्ता तोड़ने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने एसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव निवासी व्यक्ति ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी का रिश्ता जनपद मेरठ के थाना भावनपुर क्षेत्र के गांव निवासी युवक के साथ तय किया था। 31 मार्च को उन्होंने नगर में हाईवे किनारे स्थित होटल में बेटी की गोद भराई और अंगूठी की रस्म कराई। पीड़ित ने बताया कि इसके बाद दोनों पक्षों की सहमति से अगले साल फरवरी में शादी की तारीख तय कर दी गई। इसके लिए उन्होंने सभी इंतजाम कर लिए हैं, लेकिन अब लड़के और उसके परिजनों ने दहेज में 11 लाख रुपये नकद और कार की मांग करना शुरू कर दिया। जिसे पूरा करा पाने में असमर्थतता जताने पर आरोपियों ने शादी करने से इन्कार कर दिया। इस संबंध में उन्होंने कोतवाली में तहरीर दी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो सकी। उन्हें एसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज करानी पड़ी। सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि एसपी के आदेश पर आरोपी पक्ष के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच करा कर कार्रवाई की जाएगी।