पिलखुवा। कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को एनएच-9 हाईवे पर वीएस सिनेमा के पास एक कार ने दूसरी कार में टक्कर मार दी। हादसे में चालक समेत पांच लोग मामूली रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद कुछ देर तक यातायात बाधित रहा।
पुलिस के अनुसार, दिल्ली से मुरादाबाद जा रही अर्टिगा कार में पीछे से आ रही अज्ञात स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी। हादसे में जनपद मुरादाबाद के दलपतपुर निवासी चालक शादाब व कार में सवार महताब, अमरीन, महफूज और सरमाज घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए सरस्वती मेडिकल कॉलेज भेजा। दुर्घटनाग्रस्त अर्टिगा कार सड़क पर खड़ी होने से कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने वाहन को हटवाकर एचपीडीए चौकी पर खड़ा कराया। इसके बाद यातायात सामान्य कराया गया। सीओ मुनीश चंद्र ने बताया कि अज्ञात कार चालक की तलाश की जा रही है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।