बिवांर (हमीरपुर)। थानाक्षेत्र के निवादा गांव में रविंद्रप्रताप सिंह के बगीचे से गुजर रही एचटी बिजली लाइन का तार शुक्रवार रात करीब 12 बजे टूट गया। तारोें से निकली चिंगारी से बगीचे के करीब 30 यूकेलिप्टस के पेड़ झुलस गए। इस दाैरान करीब नौ घंटे तक आपूर्ति ठप रही।
तार टूटने से निवादा, लोदीपुर और छानी गांवों की लगभग 20 हजार आबादी प्रभावित हुई। बिजली विभाग के कर्मचारी जब तार जोड़ने पहुंचे तो बगीचा मालिक ने उन्हें रोक दिया। रविंद्रप्रताप ने बताया कि सात अप्रैल को भी बगीचे में तार टूटने से 26 पेड़ जल गए थे। कहा कि इससे पहले भी चार बार तार टूटने से पेड़ झुलसे हैं लेकिन मुआवजा नहीं मिला। शनिवार सुबह करीब नौ बजे जेई अशोक कुमार कर्मचारियों संग पहुंचे और बगीचा मालिक को समझाया। तब जाकर तार जोड़ा गया और बिजली बहाल हुई। रविंद्र प्रताप ने बताया कि जेई ने मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है।