गोंडा के बालपुर में बारिश के चलते दुकानों में भरा पानी।
गोंडा। मौसम का मिजाज बुधवार भोर 4 बजे से अचानक बदल गया। करीब दो घंटे तक झमाझम बारिश हुई। इससे शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया। सड़क पर पानी भरने से आवागमन में परेशानी हुई। कई दुकानों में भी बारिश का पानी घुस गया। बारिश के कारण प्रशासन ने स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया। जिले में करीब 33.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई।
बारिश के कारण शहर के पटेलनगर, आवास विकास कॉलोनी, मिश्रौलिया ओवरब्रिज के पास और कैलाशपुरी कॉलोनी में जलभराव की स्थिति बन गई। जानकीनगर के प्रजापतिपुरम में भी सड़क पर पानी भरने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मेडिकल कॉलेज परिसर में जलभराव से मरीजों और तीमारदारों की परेशानी बढ़ गई। बालपुर कस्बे में दुकानों में पानी घुस गया। इससे व्यापारियों को काफी दिक्कत हुईं। पोर्टरगंज में सड़क किनारे जलभराव के कारण राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
बारिश के दौरान बरतें सतर्कता
आपदा विभाग का कहना है कि खराब मौसम में पक्के मकान में रहें और खिड़की-दरवाजे बंद रखें। टीवी, फ्रिज और कंप्यूटर समेत बिजली के उपकरणों के प्लग निकाल दें। बिजली जाने पर मेन स्विच बंद कर दें। टॉर्च, मोबाइल, पावर बैंक, जरूरी दवाएं, पीने का पानी और सूखा राशन तैयार रखें। मवेशियों को भी खुले में न छोड़ें।
- तेज हवा और आंधी के दौरान पेड़, बिजली के खंभे और विज्ञापन होर्डिंग के नीचे खड़े न हों। खुले स्थानों और खेतों में जाने से बचें। जलभराव वाले स्थानों, नदी-नालों और पुलों से भी दूरी बनाए रखें। गीले हाथों से बिजली के स्विच न छुएं और छत पर जाने से बचें। किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें।
गोंडा के बालपुर में बारिश के चलते दुकानों में भरा पानी।