पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह
- फोटो : संवाद
गोंडा जिले के कैसरगंज के पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह और गोंडा सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह को मोबाइल फोन पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में जांच के दौरान नया खुलासा हुआ है। पुलिस की पड़ताल में सामने आया है कि आरोपी इंटरनेट और गूगल की मदद से कुछ ही मिनटों में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के मोबाइल नंबर तलाश कर उन्हें कॉल करता था।
पूर्व सांसद को धमकी देने के मामले की जांच के सिलसिले में गोंडा पुलिस की टीम राजस्थान के अलवर पहुंची थी। वहां मांडावर थाने की पुलिस से पूछताछ के दौरान जानकारी मिली कि आरोपी संदीप शर्मा विभिन्न राज्यों के नेताओं, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के मोबाइल नंबर इंटरनेट के माध्यम से आसानी से खोज लेता था। पुलिस के अनुसार, किसी भी सार्वजनिक व्यक्ति का नंबर ढूंढना उसके लिए बेहद आसान काम था।
जांच के दौरान स्थानीय पुलिस ने संदीप शर्मा को मानसिक रूप से बीमार बताया है। उसका इलाज जयपुर स्थित एसएमएस अस्पताल में चल रहा है। फिलहाल गोंडा पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। धमकी देने के पीछे की मंशा, आरोपी की मानसिक स्थिति और उसके पूर्व के गतिविधियों की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।