गोंडा। मिशन शक्ति 5.0 को प्रभावी बनाने के लिए देवीपाटन मंडल में मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद कार्यक्रम शुरू किया गया है। इसके तहत प्रत्येक सोमवार को मंडल मुख्यालय पर दोपहर 12 बजे से दो बजे के मध्य महिलाओं एवं बच्चों की समस्याओं की विशेष सुनवाई की जाएगी। इसमें गोंडा, बलरामपुर, बहराइच व श्रावस्ती की महिलाएं अपनी समस्या रख सकती हैं।
कमिश्नरेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में आयुक्त शशि भूषण लाल ने बताया कि इस कार्यक्रम में महिला अधिकारी समस्याओं की सुनवाई करेंगी। जांच एवं आवश्यक कार्यवाही के लिए महिला अधिकारी को नामित किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर उसी दिन संबंधित अधिकारी व जांच टीम को मौके पर भेजकर जांच कराई जाएगी। समस्या के निराकरण के लिए महिला हेल्प डेस्क स्थापित की जाएगी।
महिला हेल्प डेस्क पर दूरभाष, मोबाइल फोन काल व व्हाट्सएप मैसेज के माध्यम से भी शिकायत ली जाएगी। इस पर भी त्वरित कार्रवाई की जाएगी। कार्यक्रम में मंडलीय आकांक्षा समिति की अध्यक्ष गरिमा भूषण, अपर आयुक्त प्रशासन कमलेश चंद्र, न्यायिक नीतू राणा, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राम चंद्र, डॉ. वंदना मिश्रा, रवि यादव आदि मौजूद रहे।
बेटियों ने रखे विकसित भारत के सुझाव
कमिश्नरेट सभागार में मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों की लगभग 20 अधिक छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इसमें छात्राओं ने महिला सुरक्षा, शिक्षा में समान अवसर, तकनीकी कौशल विकास, ग्रामीण क्षेत्रों में कॅरिअर मार्गदर्शन केंद्र तथा बेटियों के लिए विशेष प्रतिभा प्रोत्साहन योजनाओं जैसे नवोन्मेषी प्रस्ताव रखे। एससीपीएम कॉलेज की नंदिनी को प्रथम, भैया राघव राम पाण्डेय गांधी इंटर कॉलेज की आकांक्षा द्विवेदी को द्वितीय, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की रूपा, कंपोजिट विद्यालय पथवालिया की महक और भैया राघव राम पाण्डेय श्री गांधी इंटर कॉलेज की हुनैजा को तृतीय पुरस्कार दिया गया। इसके अतिरिक्त सभी प्रतिभागी छात्राओं को आकांक्षा समिति की ओर से एक-एक हजार रुपये का प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किया गया।