उमरी बेगमगंज। स्थानीय थाने से सेवानिवृत्त दरोगा समेत तीन लोगों के खिलाफ जल जीवन मिशन के करीब 2000 मीटर पाइप चोरी करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। नियावा निवासी संदीप तिवारी ने बताया कि वह अपनी फर्म के माध्यम से एक कंपनी के लिए जल जीवन मिशन का कार्य करा रहे थे। इस्माइलपुर गांव में प्राथमिकी विद्यालय के पास परियोजना के लिए रखे 2000 मीटर से अधिक पाइप चोरी हो गए। आरोप लगाया है कि सेवानिवृत्त दरोगा जयनाथ ने अपने क्षेत्रीय सहयोगी सोनौली मोहम्मदपुर निवासी दिनेश यादव और राकेश यादव के साथ मिलकर पाइप चोरी कराए हैं। संदीप ने बताया कि उमरी बेगमगंज थाने से सेवानिवृत्त होने के बाद जयनाथ क्षेत्र में अपने सहयोगियों के साथ ठेकेदारी करते हैं। थानाध्यक्ष पवन मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।