रेलवे यार्ड में पटरी से उतरा इंजन। स्रोत: विभाग
गोंडा। रेलवे यार्ड में बुधवार दोपहर 03:35 बजे अचानक सायरन बजने लगा। इंजीनियरिंग विभाग के कर्मचारियों के साथ ही अधिकारी यार्ड की तरफ भागे। फिर पता चला कि लखनऊ जाने वाली वीसीएन मालगाड़ी का इंजन ट्रैक से उतर गया है। इंजीनियरिंग विभाग के कर्मचारियों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत से इंजन को ट्रैक पर चढ़ा दिया। रेल अफसरों का कहना है कि ट्रैक दुरुस्त करने के बाद देर रात तक मालगाड़ी को लखनऊ रवाना किया जाएगा।
क्षेत्रीय प्रबंधक शिवशंकर प्रसाद ने बताया कि रेलवे यार्ड में ट्रैक नंबर 24 पर खड़ी वीसीएन मालगाड़ी दोपहर 03:35 बजे लखनऊ जाने वाली थी। लोको पायलट ने मालगाड़ी को आगे बढ़ाया ही था, तभी इंजन के चार पहिये ट्रैक से उतर गए। इंजन के ट्रैक से उतरते ही यार्ड कर्मियों ने इमरजेंसी सायरन बजाया। इसके बाद इंजीनियरिंग विभाग के कर्मचारियों के साथ अधिकारी मौके पर पहुंचे। 01.35 घंटे की मशक्कत के बाद शाम 06:10 बजे इमरजेंसी टीम के कर्मचारियों ने इंजन के पहिये ट्रैक पर चढ़ा दिए। इसके बाद इंजन को तकनीकी जांच के लिए इलेक्टि्रक शेड भेजा गया। मामूली रूप से क्षतिग्रस्त हुए ट्रैक को दुरुस्त कराया जा रहा है। इसके बाद मालगाड़ी को लखनऊ रवाना किया जाएगा।
क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि मालगाड़ी का इंजन ट्रैक से उतरने से ट्रेनों के संचालन पर कोई असर नहीं पड़ा है। इस दौरान सहायक मंडल अभियंता आलोक कुमार, स्टेशन अधीक्षक राय सिंह मीना, आरपीएफ इंस्पेक्टर अनिरुद्ध राय मौजूद रहे।