इटियाथोक के नौवागांव स्थित एक गैस एजेंसी पर लाइन में लगे उपभोक्ता। स्रोत: उपभोक्ता
इटियाथोक/गोंडा। रसोई गैस के लिए घंटों लाइन में खड़े रहने के बाद भी लोग खाली सिलिंडर लेकर लौटने को मजबूर हो रहे हैं। जिले में बुकिंग के सापेक्ष पर्याप्त स्टॉक होने के बावजूद वितरण व्यवस्था में गैस एजेंसियों की लापरवाही और मनमानी उपभोक्ताओं का दर्द बढ़ा रही है।
इटियाथोक के नौवागांव स्थित शिवम भारत गैस एजेंसी पर रविवार सुबह सात बजे से ही उपभोक्ताओं की लंबी कतार लग गई। महिलाएं, बुजुर्ग और पुरुष अपने नंबर का इंतजार करते रहे। दोपहर करीब 12 बजे अचानक सूचना दी गई कि लोड नहीं आया है, इसलिए आज वितरण नहीं होगा। यह सुनते ही घंटों से लाइन में खड़े लोगों के चेहरे उतर गए और उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा। लाइन में खड़ी बेलवा कर्मडीह की कुसुमा देवी, बहलोलपुर के अमित पाठक, बेलवा बहुता के राम प्रसाद, नरौरा भर्रापुर के अनिल तिवारी और गिलौली के विजय सहित कई उपभोक्ताओं ने बताया कि सुबह से खड़े रहने के बावजूद उन्हें गैस नहीं मिल सकी। तारी परसोहिया के कुलदीप तिवारी और दरियापुर के अमित मिश्र समेत दर्जनों लोग मायूस होकर घर लौटे। उपभोक्ताओं का आरोप है कि एजेंसी पर वितरण व्यवस्था पूरी तरह अव्यवस्थित है। समय से सूचना न मिलने के कारण उन्हें बेवजह घंटों इंतजार करना पड़ता है। वहीं, एजेंसी संचालक सुरेंद्र मिश्र ने बताया कि रविवार को लोड नहीं मिल पाया, इसलिए वितरण नहीं हो सका। सोमवार सुबह से गैस सिलिंडर उपलब्ध कराया जाएगा। इसी प्रकार अन्य स्थानों पर भी उपभोक्ता परेशान दिखे।
पारदर्शी वितरण के दिए निर्देश
सभी एजेंसी संचालकों को नियमित उठान और पारदर्शी वितरण के निर्देश दिए गए हैं। यदि किसी दिन लोड नहीं मिलता है तो सुबह ही एजेंसी पर सूचना चस्पा करना अनिवार्य है, ताकि उपभोक्ताओं को अनावश्यक लाइन में न लगना पड़े। साथ ही अधिक से अधिक होम डिलीवरी सुनिश्चित करने को कहा गया है।
कुंवर दिनेश प्रताप सिंह, डीएसओ