सैदपुर में स्कूल वाहन की जांच करते एआरटीओ। स्रोत.. एआरटीओ प्रशासन
गाजीपुर। ऑपरेशन सेफ फ्यूचर के तहत शनिवार को चौथे दिन भी परिवहन विभाग और संबंधित एजेंसियों की ओर से जिले में विशेष जांच अभियान चलाया गया।
इस दौरान सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर खानपुर, सैदपुर और नंदगंज क्षेत्र में तीन स्कूल वाहनों को सीज कर दिया गया, जबकि 13 वाहनों का चालान किया गया।
एआरटीओ धनवीर यादव ने बताया कि अभियान के दौरान अधिकारियों ने स्कूल वाहनों के दस्तावेज, फिटनेस, परमिट, अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स, जीपीएस, सीसीटीवी, स्पीड गवर्नर और अन्य सुरक्षा मानकों की जांच की। नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई। एआरअीओ ने बताया कि जांच के दौरान आदर्श स्कूल, निर्माण तीर्थ स्कूल, गौरी शंकर पब्लिक स्कूल, उमा पब्लिक स्कूल, तिलकधारी इंटर कॉलेज, डालिम्स सनबीम स्कूल, एमएस आरजेपी स्कूल और केडी पब्लिक स्कूल के वाहनों की भी जांच की गई।
एआरटीओ ने बताया कि अभियान आगे भी जारी रहेगा। स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिए गए हैं कि सभी वाहन निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करें। नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। संवाद