दफ्तर में फेंके मीटर
स्मार्ट प्रीपेड मीटर के विरोध में प्रदर्शन थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को ट्रैक्टर-ट्रॉली में बैठकर घरों से स्मार्ट मीटरों को उखाड़कर पहुंची चुल्हावली की महिलाओं ने मोहम्मदाबाद के सब-स्टेशन पर मीटरों को फेंक दिया। साथ ही पुराने मीटरों को लगाए जाने के लिए जमकर नारेबाजी की।
महिलाओं का आरोप है कि स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगने के बाद महीने में आने वाले बिजली के बिलों में तेजी से इजाफा हुआ है। उन्होंने बताया कि पहले महीने का बिल पांच से छह सौ रुपये के बीच में आता था, किंतु अब आलम ये है कि दो हजार से ढाई हजार रुपये बिल आ रहा है। उन्होंने कहा कि बिल भरने के बाद भी बिजली काट दी जाती है। उनका सीधा कहना है कि विद्युत निगम द्वारा लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों को हटाकर पुराने मीटर लगाए जाएं।
महिलाओं ने बताया कि मजदूरी करके बच्चों को पढाएं या आए-दिन बिल भरें। उन्होंने बताया कि पति की मजदूरी पांच रुपये है। स्मार्ट मीटर प्रतिदिन सौ रुपये की बिजली बना देता है। महिलाओं के आंदोलन के बीच पहुंचे एसडीएम अंकित वर्मा व एसडीओ योगेश वर्मा ने महिलाओं को समझाने का प्रयास किया, किंतु महिलाएं पुराने मीटर को लगवाने की जिद पर अड़ी रही। साथ ही महिलाओं ने पुराने मीटर न लगाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को समझाया गया है। इसके साथ ही महिलाओं को भड़काने वाले तीन लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है। पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया है। उपभोक्ताओं का स्मार्ट मीटरों की अच्छाई के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
-नरेंद्र कुमार वर्मा, उपखंड अधिकारी, विद्युत निगम, टूंडला
http://