भरथना। नए साल की शुरुआत के साथ ही कैलेंडर, पंचांग और डायरी की मांग बाजार में बढ़ गई है। लोग अपने घर, दुकान और कार्यालय के लिए नए कैलेंडर व डायरी खरीद रहे हैं। उपहार देने में भी इनका इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके चलते कैलेंडर-पंचांग के कारोबार में अच्छी खासी बढ़ोतरी हुई है। इससे स्टेशनरी के व्यापारियों के चेहरे खिले हुए हैं।
ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए कॉपी-किताब के कारोबारी अपनी दुकानों के बाहर हिंदी पंचांग और अंग्रेजी कैलेंडर टांगकर सजा रहे हैं। नया साल शुरू होने के एक दो दिन पहले से ही लोगों ने इनकी खरीदारी शुरू कर दी। बाजार में हर वर्ग की जरूरत के अनुसार यह उपलब्ध हैं। जहां कैलेंडर 10 से 200 रुपये तक की कीमत पर दुकानों में उपलब्ध हैं तो वहीं पंचांग भी 50 से 150 रुपये की कीमत पर बिक रहे हैं।
नए साल की डायरी 50 से 500 रुपये तक की कीमत में बिक रही हैं। कस्बा की बजाजा लाइन, तिलक रोड, सराय रोड और जवाहर रोड स्थित कॉपी-किताब की दुकानों पर नए कैलेंडर, पंचांग और डायरी की बिक्री जोरों पर है। स्टेशनरी व्यापारी मनीष अग्रवाल ने बताया कि इन दिनों दिनभर नए साल की डायरी, पंचांग और कैलेंडर की ही बिक्री हो रही है। लोग देवी-देवताओं के चित्रों वाले कैलेंडर और पंचांग ज्यादा पसंद कर रहे हैं, जिनमें आरती और श्लोक भी अंकित हैं। कुछ लोग सीनरी वाले कैलेंडर की मांग कर रहे हैं।