तरकुलवा। देवरिया-कसया मार्ग पर बुधवार की देर रात कस्बे के दूबे टोला के पास ट्रेलर और डीसीएम की आमने-सामने टक्कर हो गई। डीसीएम चालक घायल हो गया।
पुलिस ने डीसीएम का शीशा तोड़कर चालक को निकाला और अस्पताल भेजवाया। जेसीबी की मदद से पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क के किनारे कराकर यातायात चालू कराया।
जानकारी के अनुसार, बुधवार की रात करीब 12:15 बजे एक डीसीएम डाकघर की पार्सल लेकर कसया की तरफ से देवरिया जा रहा था। सामने से पत्थर लोड कर आ रहे ट्रेलर से आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी की आवाज सुनकर आसपास और चौराहे के लोग मौके पर पहुंच गए।
हादसे के बाद ट्रेलर का पहिया नाले में फंस गया। इससे बड़ा हादसा होने से बच गया। सूचना पाकर थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह मौके पर पहुंच गए।
उन्होंने पुलिस टीम की सहायता से डीसीएम में फंसे चालक को शीशा तोड़कर निकलवाया। चालक की हालत गंभीर थी और वह बेहोशी की हालत में था। डीसीएम के सड़क के बीच पलट जाने से यातायात जाम हो गया था।
थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि घायल चालक को देवरिया मेडिकल काॅलेज भेजा गया है।