भटनी-भिंगारी बाजार मार्ग के चखनी घाट पर सड़कों पर फैला झाड़ियां।
भटनी। भिंगारी बाजार मार्ग पर सड़क किनारे पेड़ों और झाड़ियों की बढ़ती शाखाएं राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई हैं। कई स्थानों पर सड़क के दोनों किनारों पर फैली झाड़ियों के कारण मार्ग संकरा नजर आने लगा है। इससे दोपहिया वाहन चालकों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और हादसे का खतरा बना रहता है।
भटनी-भिंगारी बाजार मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग भटनी, देवरिया, भिंगारी, भवानीछापर, बिहार सहित आसपास के गांवों की ओर आते-जाते हैं। मार्ग से होकर छात्र, नौकरीपेशा लोग और ग्रामीण भी नियमित रूप से गुजरते हैं। सड़क किनारे उगी झाड़ियों और पेड़ों की लटकती डालियों के कारण कई जगह आगे का दृश्य स्पष्ट दिखाई नहीं देता। ऐसे में सामने से तेज गति से आने वाले वाहनों से टकराने का खतरा बना रहता है।
बारिश के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो गई है। झाड़ियों के तेजी से बढ़ने के कारण सड़क के किनारे का हिस्सा दिखाई नहीं देता। दो वाहन आमने-सामने आने पर चालकों को काफी सावधानी बरतनी पड़ती है। रात के समय अंधेरे में झाड़ियों के कारण सड़क की स्थिति का सही अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है, जिससे दुर्घटना की संभावना बढ़ जाती है।
ग्रामीणों ने बताया कि मार्ग पर झाड़ियों की कटाई और सफाई कराने के लिए जिम्मेदार विभाग से कई बार शिकायत की गई है। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता के कारण समस्या लगातार बनी हुई है। वन दरोगा श्यामसुंदर ने बताया कि सड़क के किनारे झाड़ियों को साफ करने की शुरुआत की गई है। जल्द ही समस्या समाधान कर दिया जाएगा।