देवरिया। विकास भवन में बुधवार को सीडीओ प्रत्यूष पांडेय की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। जिसमें जिला खेल कार्यक्रम के तत्वावधान में आयोजित सांसद खेल स्पर्धा के अंतर्गत छह दिसंबर को बैतालपुर ब्लॉक सभागार से प्रारंभ होने वाली 10 किमी मिनी मैराथन पर चर्चा की गई। बैठक में सीडीओ ने मैराथन की सफल आयोजन व्यवस्था को लेकर अधिकारियों एवं भाग लेने वाले विद्यालयों के प्रधानाचार्यों के साथ बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सांसद खेल स्पर्धा के तहत आयोजित मिनी मैराथन से जनपद के युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिलेगा और खेल के प्रति उनकी रुचि बढ़ेगी। सांसद खेल स्पर्धा लोकसभा संयोजक एवं किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष पवन कुमार मिश्र ने बताया कि मैराथन बालक एवं बालिका दोनों वर्गों में आयोजित की जाएगी। खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सांसद देवरिया शशांक मणि द्वारा प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले बालक/बालिका को 11 हजार रुपये, द्वितीय स्थान पर 51 सौ रुपये तथा तृतीय स्थान पर 21 सौ रुपये का नगद पुरस्कार दिया जाएगा। संवाद