बघौचघाट। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय बघौचघाट में बुधवार को अंक पत्र वितरण समारोह एवं मेधावी छात्राओं के सम्मान का आयोजित किया गया। इस अवसर पर नए शैक्षणिक सत्र में नामांकन को लेकर शिक्षक-अभिभावक बैठक भी संपन्न हुई, जिसमें अधिक से अधिक छात्राओं का नामांकन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम में कक्षा 8 में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा दुर्गावती यादव, कक्षा 7 में सलोनी कुशवाहा तथा कक्षा 6 में अबीबा बानो को अंक पत्र, मेडल एवं शील्ड देकर सम्मानित किया गया। छात्राओं की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार एवं अभिभावकों ने प्रसन्नता व्यक्त की।
साथ ही मेधावी छात्राओं के अभिभावकों को भी सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस दौरान वार्डन अर्चना यादव ने बताया कि नए सत्र में कक्षा 6 से 12 तक की छात्राओं के लिए शिक्षा, आवास, भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं पूर्णतः निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। इस दौरान संध्या चौरसिया, इंद्रावती यादव, अभिषेक, सोनाली गुप्ता, मनु, ऋतु रानी आदि उपस्थित रहीं।