भाटपाररानी। क्षेत्र के बंगरा बाजार में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भागवत भगत खजड़ी वाले बाबा की जयंती पर रविवार को मुख्य अतिथि प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, जिला पंचायत अध्यक्ष गिरीश चंद तिवारी ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी।
कृषि मंत्री ने आयोजित किसान मेला का उद्घाटन कर कहा कि भागवत भगत के सपने को साकार करने का काम आज केंद्र की मोदी एवं प्रदेश की योगी सरकार कर रही है। भागवत भगत किसान के बेटा थे। उनका सपना था कि जब देश का किसान समृद्ध होगा तभी देश मजबूत होगा।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के साथ कृषि यंत्र एवं खाद, बीज पर सब्सिडी देने, बीजों का निशुल्क किट, निशुल्क सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। राज्य मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम ने कहा कि यह किसान मेला भागवत भगत के विचारों और आदर्शों को जीवित रखने का एक माध्यम है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिला पंचायत अध्यक्ष गिरीश चंद तिवारी ने कहा कि किसान मेला यह संदेश देता है कि भागवत भगत केवल आजादी के सेनानी ही नहीं बल्कि किसानों के सच्चे मित्र भी थे। आयोजक पूर्व सांसद रवींद्र कुशवाहा ने कहा कि देश की आजादी में उनके योगदान को सदैव याद किया जाएगा। कार्यक्रम को भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, अजय कुमार दुबे, श्री निवास मणि त्रिपाठी, राजकुमार शाही, सुरेश तिवारी, जयनाथ कुशवाहा गुड्डन, पवन कुमार मिश्र, अमरेश सिंह, केशव यादव संबोधित किया।