फोटो 12 सीकेटीपी 12 गौरव फाइल फोटो।
सरधुवा/राजापुर। सरधुवा थाना क्षेत्र के चांदी बालू घाट पर नहाने के दौरान एक नौ वर्षीय बालक की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजन ने घाट संचालक पर मानकों के विपरीत खनन करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर नायब तहसीलदार ने पहुंचकर परिजन से वार्ता कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब कहीं जाकर परिजन शांत हुए।
चांदी गांव निवासी शिवशंकर निषाद ने बताया कि शुक्रवार सुबह लगभग 10 बजे उनका बेटा गौरव उर्फ कल्लू (9) अपने दो अन्य नाबालिग साथियों के साथ यमुना नदी में नहाने गया था। नदी किनारे भैंसों को पानी में नहाते देख बच्चे भी कपड़े और चप्पल उतारकर नदी में उतर गए। इसी दौरान गौरव गहरे पानी में बने एक गड्ढे में चला गया और डूबने लगा। उसके साथी घबराकर गांव पहुंचे और परिजन को घटना की जानकारी दी।
जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण तत्काल घाट पहुंचे। स्थानीय मल्लाहों की मदद से नदी में गौरव की तलाश शुरू की गई। काफी मशक्कत के बाद उसे गहरे पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी। घटना से गौरव के भाई अंकित, बहन फूला और आशा, तथा मां गोलिनिया का रो-रोकर बुरा हाल है।
गौरव के परिजन ने घाट संचालक पर मानकों के विपरीत खनन करने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार अभिनेश कुमार, राजस्व निरीक्षक अशोक मिश्रा, लेखपाल विनोद कुमार वर्मा और थाना प्रभारी शिव आसरे मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजन को समझाने-बुझाने का प्रयास किया और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
थाना प्रभारी शिव आसरे ने बताया कि गौरव यमुना नदी में नहाने गया था और पैर फिसलने के कारण वह गहरे पानी में चला गया, जिससे उसकी डूबने से मौत हो गई। परिजन की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फोटो 12 सीकेटीपी 12 गौरव फाइल फोटो।