चंदौली जिले की कोतवाली पुलिस ने चेकिंग के दौरान कंटेनर में लदी 20 लाख रुपये की शराब बरामद की। कंटेनर में फर्नीचर का सामान लदा था और लोहे की चादर से बने गुप्त केबिन में शराब को छिपाकर रखा गया था। ट्रक का चालक और खलासी मौके पर नहीं मिले। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि ट्रक में खराबी आने पर चालक वाहन खड़ा करके भाग गए।
क्या है पूरा मामला
चंदौली कोतवाली में मामले का खुलासा करते हुए सीओ सदर देवेंद्र कुमार ने बताया कि तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार के नेतृत्व में शनिवार की रात गश्त के दौरान कोतवाली के सामने ही ओवरब्रिज पर राजस्थान नंबर का कंटेनर दिखा।
पता चला कि गाड़ी खराब है, उसमें चालक और खलासी नहीं मिले। वाहन को नेशनल हाईवे से थाने के सामने सर्विस लेन पर खड़ा करवाकर विडियोग्राफी कराते हुए चेकिंग की गई तो वाहन में लकड़ी का कुछ टूटा हुआ सामान पड़ा हुआ मिला। अंदर लोहे की चादर से केबिन बनाकर पार्टिसन किया गया था। गैस कटर से चादर को काट कर केबिन में चेक किया गया तो 201 पेटी में कुल 1809 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुआ। बरामद शराब की कीमत लगभग 20 लाख रुपये है।
इसे भी पढ़ें; Jaunpur News: बुलेट सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े युवक को मारी गोली, गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही पुलिस
सीओ ने बताया कि जांच में पता चला कि वाहन मध्य प्रदेश के ग्वालियर के न्यू कॉलोनी बिरला नगर ग्रीड निवासी पंकज बघेल जो वर्तमान में राजस्थान में रहते हैं उनके नाम से है। वाहन को सीज करते हुए शराब बरामद कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।