चार माह की गर्भवती थी रूही
बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी चुनचुन कुमार यादव ने बताया कि वह दिल्ली में मजदूरी करते हैं। तीन साल पहले ही उनकी शादी हुई थी तो उनकी पत्नी रूही उनके साथ दिल्ली में रहती थी। चुनचुन ने बताया कि रूही चार माह की गर्भवती थी। ऐसे में सही देखरेख और उपचार के लिए वह रूही को गांव छोड़ने जा रहे थे।
खुर्जा पहुंचने पर होने लगा रक्तस्राव
इसके लिए बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के स्लीपर 5 में सीट बुक कराई थी। रविवार को वह पत्नी के साथ ट्रेन में बैठकर रवाना हो गए। खुर्जा जंक्शन पहुंचने से पहले ही उनकी पत्नी तबीयत बिगड़ी और रक्तस्राव शुरू हो गया, जिसके बाद उन्होंने कंट्रोल रूम पर सूचना दी। दो बजकर दस मिनट पर खुर्जा जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर ट्रेन को रोका गया।
आरपीएफ ने निभाई अहम भूमिका
जहां पर आरपीएफ उपनिरीक्षक राजकुमार सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और महिला को स्ट्रेचर की मदद से प्लेटफार्म से बाहर लेकर आए। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से जटिया महिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने गर्भपात होने की जानकारी दी। इसके बाद महिला को भर्ती कर उपचार दिया गया।
आरपीएफ का बयान
बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में सवार महिला यात्री रूही की तबीयत बिगड़ने पर ट्रेन को तत्काल प्रभाव से रुकवाया गया। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से महिला को जटिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। गर्भवती महिला के रक्त बहने की परेशानी थी। -नंद लाल मीना, निरीक्षक आरपीएफ, खुर्जा जंक्शन