पति शराब पीता है तो उसकी टांग तोड़ दो
पुलिसकर्मी का वह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें वह महिलाओं को सलाह दे रहे हैं कि अगर पति शराब पीता है तो उसकी टांग तोड़ दो, क्योंकि शराब ठेका सरकारी है इसे बंद नहीं किया जा सकता।
देशी शराब के ठेके पर महिलाओं ने किया प्रदर्शन
शनिवार को मोरजपुर स्थित देशी शराब के ठेके पर बड़ी संख्या में महिलाओं ने प्रदर्शन किया। महिलाओं का आरोप था कि शराब की वजह से उनके पति मारपीट करते हैं और घर बर्बाद हो रहे हैं। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी ने महिलाओं को समझाने का प्रयास किया। साथ ही कह कि शराब का ठेका सरकारी प्रोजेक्ट है, यह बंद नहीं होगा। दुकानदार ने फीस भरी है और उसके पास लाइसेंस है।
पुलिस ने दी जेल भेजने की धमकी
पुलिसकर्मी ने महिलाओं को कानून हाथ में लेने की नसीहते दे डाली। वीडियो में पुलिसकर्मी यह कहता सुना जा रहा है कि, अपने पति, बेटे और भाई को शराब पीने से रोको। अगर वे न मानें, तो उन पर लट्ठ बजाओ और टांग तोड़ दो। इतना ही नहीं, पुलिसकर्मी ने महिलाओं को प्रदर्शन करने पर जेल भेजने की धमकी भी दी।
वायरल हुआ वीडियो
मामला तूल पकड़ते ही पुलिस के उच्च अधिकारियों ने इसका संज्ञान लिया है। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. तेजवीर सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस प्रकरण की जानकारी मिली है। हालांकि, कोई शिकायती पत्र नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा कुछ हुआ है तो उसकी जांच कराई जाएगी।