बदायूं। शासन की ओर से सड़क निर्माण में तेजी लाने के लिए 4.80 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की है। इससे लंबे समय से चल रहे चौड़ीकरण और सुंदरीकरण कार्य में तेजी की उम्मीद बढ़ गई है। अब धनराशि जारी होने से निर्माण एजेंसी तय समय सीमा में काम पूरा कर सकेंगी। इससे 17 हजार की आबादी को बारिश के मौसम में फायदा मिलेगा।
एमएफ मार्ग से बुधवाई-किसारुआ मार्ग का चौड़ीकरण और सुंदरीकरण कार्य 13.34 करोड़ रुपये की लागत से कराया जा रहा है। यह सड़क क्षेत्र के कई गांवों को जोड़ती है। लंबे समय से इसकी स्थिति खराब होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस परियोजना के लिए शासन पहले ही 6.44 करोड़ रुपये जारी कर चुका था। अब 2.40 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि मिलने से निर्माण कार्य को नई गति मिलेगी।
वहीं वजीरगंज से अर्खिस वर्खिन मार्ग का निर्माण 17.46 करोड़ रुपये की लागत से कराया जा रहा है। ऐसे में रामड़ाडी, मीरापुर, बरौर, कसेर, लोहानपुर, कुंवरगांव, गंज, बनगढ़, यूसुफनगर, बर्खिन, अर्सिस के करीब 17 हजार लोगों को सड़क बनने से फायदा मिलेगा। इस सड़क के लिए शासन अब तक 8.21 करोड़ रुपये जारी कर चुका है।
अब इस परियोजना के लिए भी 2.40 करोड़ रुपये और जारी किए गए हैं। दोनों परियोजनाएं पूरी होने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इन सड़कों के बनने से किसानों, व्यापारियों, छात्रों और आम लोगों को राहत मिलेगी। बरसात के दौरान खराब सड़कों की वजह से होने वाली दिक्कतें कम होंगी और लोगों का सफर आसान होगा।