बिजनौर। भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे टी 20 वर्ल्डकप के सेमीफाइनल मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह देखने को मिला। मैच शुरू होते ही लोग मोबाइल फोन, टीवी पर मुकाबले का आनंद लेते नजर आए।
सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। इसके बाद से ही क्रिकेट प्रशंसकों की निगाहें मैच की हर एक गेंद पर टिकी रहीं। शहर में दुकानों और घरों में लोग एक साथ बैठकर मैच देखते दिखाई दिए। क्रिकेट प्रेमियों का कहना था कि अभिषेक शर्मा पर बहुत उम्मीद थी लेकिन ज्यादा कमाल नहीं दिखा सके। हालांकि संजू सैमसन, जिन्होंने पिछले मैच में भी बेहतरीन प्रदर्शन किया था, अच्छे हाथ दिखाए और शानदार पारी खेली। ईशान किशन ने भी 18 गेंदों की पारी में चार चौके और दो छक्के लगाए।
लोग अपने कामकाज के बीच भी मोबाइल पर लाइव स्कोर और मैच की अपडेट लेते रहे। क्रिकेट प्रेमी राहुल, नागेंद्र सारस्तव, मानव सचदेवा आदि ने कहा कि संजू सैमसन जिस हिसाब से बल्लेबाजी कर रहे थे, ऐसा लग रहा था कि वह आसानी से अपना शतक पूरा कर लेंगे लेकिन 89 पर कैच आउट होना अफसोसनाक रहा। हार्दिक पांड्या ने भी 26 रनों की आकर्षक पारी खेली, जिसका लोगों ने भरपूर लुत्फ लिया।