पाकिस्तानी से चांदपुर में बम रखवाने का मेसेज करवाने वाले साहिल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। रिपोर्ट में पाकिस्तान के रहने वाले आतिफ अहमद बट को भी आरोपी बनाया गया है, जिसे पकड़ने के लिए इंटरपोल की मदद ली जाएगी। उधर साहिल से एटीएस ने भी तीन घंटे तक पूछताछ की।
चांदपुर पुलिस ने सोमवार को चाहसंग निवासी साहिल का चालान करते हुए कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। बता दें कि चांदपुर निवासी मोहम्मद सफी के पास कराची के रहने वाले आतिफ मोहम्मद बट ने एक मेसेज भेजा, जिसमें कहा गया कि हां भाई काम हो गया है, चांदपुर में बम रख दिया है....पाकिस्तान जिंदाबाद।
सफी को पाकिस्तानी ने व्हाट्सएप कॉल भी की थी, जिसे उसने रिसीव नहीं किया। सफी पुलिस के पास पहुंचा और रिपोर्ट दर्ज कराई। सीओ देश दीपक सिंह ने बताया कि साहिल और पाकिस्तानी आतिफ अहमद बट के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। फिलहाल साहिल का चालान कर दिया है। साहिल के पास से पुलिस ने मोबाइल फोन बरामद किया है।
ये दर्ज हुआ मामला
दर्ज रिपोर्ट के अनुसार साहिल ने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शिव मंदिर को लेकर कोई वीडियो डाला था, जिसका मोहम्मद सफी ने विरोध किया और दूसरी वीडियो अपलोड कर दिया। इसके बाद साहिल के पाकिस्तानी दोस्त आतिफ से मोहम्मद सफी को यह मेसेज कराया था। आरोप है कि साहिल ने यह संदेश पाकिस्तान से भिजवाकर उसे देश विरोधी गतिविधियों में फंसाने की साजिश रची है।
एटीएस ने साहिल से तीन घंटे की की पूछताछ
एटीस ने रात में 12 बजे से तीन बजे तक साहिल से पूछताछ की। एटीएस यह जानने का प्रयास करती रही कि साहिल का कहीं आईएसआई से तो कोई संपर्क नहीं है। छानबीन करने के बाद एटीएस आरोपी साहिल को चांदपुर पुलिस के हवाले कर गई।